Maharajganj Times

महराजगंज में भव्य विकास उत्सव का आयोजन, योगी सरकार की उपलब्धियों का किया गया प्रदर्शन

Maharajganj
Tuesday, 25 Mar, 2025
0
3334

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो -: उत्तर प्रदेश सरकार के सेवा, सुरक्षा और सुशासन के आठ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में महराजगंज में भव्य विकास उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह ने दीप प्रज्वलन कर किया, जिसमें जिला पंचायत अध्यक्ष, विधायकगण और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से हुई, जबकि लोकगायक अमित अंजन, ओमप्रकाश यादव और राम नवल यादव की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि 2017 के बाद उत्तर प्रदेश अपराध मुक्त, सुरक्षित और सुशासित राज्य बन चुका है। उन्होंने कहा कि बेटियां आज बेखौफ होकर स्कूल जा रही हैं, कानून व्यवस्था मजबूत हुई है, और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। प्रदेश के सभी 70 जिलों में मेडिकल कॉलेजों की स्थापना की जा रही है, जिससे आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं। महराजगंज जिले में अब तक 9,205 गरीब जोड़ों की शादियां सरकारी सहायता से कराई गई हैं, जो एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

कार्यक्रम में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग लखनऊ द्वारा प्रकाशित "उत्कर्ष के आठ वर्ष" पुस्तिका का विमोचन किया गया, जिसमें सरकार की प्रमुख उपलब्धियों को दर्शाया गया है। इसके अलावा, विभिन्न विभागों द्वारा सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए गए, जहां मुख्य अतिथि ने लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ वितरित किया और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण पर भी चर्चा हुई, जिसमें डॉ. ज्योति सिंह, अमृता श्रीवास्तव, डॉ. अनामिका प्रजापति और शशिकला सिंह ने अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियां महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। इस अवसर पर विधायक पनियरा ज्ञानेंद्र सिंह, सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, जिला पंचायत अध्यक्ष रवीकांत पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, जिलाधिकारी अनुनय झा, पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। विकास उत्सव के माध्यम से सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ, आम जनता को लाभान्वित करने का उद्देश्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

 

<